बरामद हुए अवैध शस्त्र। अमर उजाला
- फोटो : HARDOI
हरदोई। हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम विरईजोर में शनिवार सुबह पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। एक शातिर को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर 10 तमंचे और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एएसपी पश्चिमी त्रिगुण विसेन ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे हरियावां पुलिस ने थाना क्षेत्र के ग्राम विरईजोर में छापा मारा। गांव के बाहर जंगल के पास अवैध शस्त्र बनाते सीतापुर जनपद के पिसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम निरहन निवासी रामशंकर शर्मा पुत्र बाबूराम शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
रामशंकर के कब्जे से 50 ग्राम लोहे का बुरादा, भट्ठी और शस्त्र बनाने के उपकरण भी मिले हैं। पुलिस ने बताया कि रामशंकर सीतापुर जनपद के पिसावां थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध हत्या, जानलेवा हमला, बलवा, मारपीट, अनुसूचित जाति उत्पीड़न के आठ मामले पिसावां थाने में दर्ज हैं। ये जानकारी जुटाई जा रही है कि अवैध शस्त्रों की सप्लाई कहां की जाती थी।
इस मौके पर सीओ सदर नागेश मिश्रा भी मौजूद रहे। टीम में थानाध्यक्ष हरियावां अरुणेश गुप्ता, एसआई अशोक कुमार सिंह, जितेंद्र पाल सिंह, सिपाही गौरव कुमार, अभिषेक यादव, धीरज कुमार, धर्मेंद्र कुमार और जतन सागर शामिल रहे।