हरदोई। शहर के मुख्य मार्गाें के किनारे बने फुटपाथ अवैध पार्किंग के कारण गायब हो गए हैं। व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के सामने फुटपाथ अवैध पार्किंग का अड्डा बने हुए हैं। लोग वाहन खड़े कर खरीदारी में व्यस्त हो जाते हैं और सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। तेज धूप और गर्मी की वजह से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
यातायात व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार तनिक भी सजगता नहीं बरत रहे हैं। बड़ा चौराहा से लेकर सिनेमा चौराहा तक सुबह से लेकर शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है। यातायात कर्मी भले लोगों को सलीके से वाहन लगाने और चलाने के निर्देश देते हैं, लेकिन वह सिर्फ खानापूर्ति तक सीमित रह गया है। फुटपाथ अवैध पार्किंग बने हुए हैं। निजी अस्पतालों के बाहर से लेकर व्यवसायिक प्रतिष्ठान और बैंक के बाहर दो पहिया सहित चार पहिया वाहनों की कतार लगी रहती है।
लोग फुटपाथ पर वाहन खड़ा कर खरीदारी में लग जाते हैं और सड़क पर जाम लग जाता है। इससे लोगों को आवागमन करने में दिक्कतें उठानी पड़ रहीं हैं। जाम में स्कूली बस से लेकर एंबुलेंस तक फंसी रहती हैं। बुधवार को भी कई मार्गाें पर जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लगी रहीं, लेकिन फुटपाथ पर खड़े वाहनों को नहीं हटवाया गया। यातायात निरीक्षक प्रमोद कुमार का कहना है कि ऐसे फुटपाथ पर खड़े वाहनों पर कार्रवाई की जाती है।