ग्राम समाज की भूमि पर अवैध निर्माण को रुकवाने एवं
कब्जे को हटवाने की मांग को लेकर पिहानी के ग्राम अलियापुर के ग्रामीणों ने
शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया तथा जिलाधिकारी को
ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई कराने की मांग की।
कलक्ट्रेट में धरने को
संबोधित करते हुए राजाराम ने बताया कि ग्राम के भूखंड संख्या 105 जो राजस्व
खतौनी में नवीन परती खाते में दर्ज है। भूमि पर प्रधान द्वारा अवैध कब्जा
करके उसकी प्लाटिंग कर दी गई है और उस पर निर्माण कार्य करवाया जा रहा है,
जो गलत है।
उन्होंने कहा कि गांव में इसके अलावा कोई अन्य भूमि नहीं है। इस
भूमि को बारात घर या पंचायत घर के लिए सुरक्षित किया जाना चाहिए।
ग्रामीणों ने बताया कि इस बाबत एसडीएम सदर से शिकायत की गई थी, जिसके बाद
थानाध्यक्ष पिहानी ने मौके का मुआयना कर निर्माण कार्य रुकवा दिया था, पर
एक बार फिर से निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
जिसको रुकवाकर उस पर
अवैध कब्जे को हटवाने की जरूरत है। ग्रामीणों ने इस दौरान नारेबाजी कर
प्रदर्शन किया तथा डीएम रमेश मिश्र को ज्ञापन सौंपकर जांच कराकर कार्रवाई
की मांग की। इस मौके पर ग्रामीण मौजूद थे।