हरदोई। एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से मल्लावां कोतवाली पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। मौके से पांच तमंचे और चार अधबने तमंचे बरामद किए हैं। तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र ने बताया कि लोकसभा चुनाव में अशांति फैलाने के उद्देश्य से अवैध शस्त्रों का निर्माण किए जाने की जानकारी मुखबिर से मिली थी। मंगलवार को मल्लावां कोतवाली पुलिस वाहनों की जांच का अभियान चला रही थी। देवीपुरवा के पास कटरी के रास्ते की तरफ से झोपड़ी के पास अवैध शस्त्र बनाए जाने की जानकारी मिली थी।
इस पर सर्विलांस टीम और एसओजी की मदद ली गई। इसके बाद मौके पर घेराबंदी कर छापा डाला गया। मौके से देवीपुरवा निवासी रामलखन, शेर सिंह और गंजजलालाबाद निवासी अजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया। मौके से पांच तमंचे और चार अधबने तमंचे बरामद हुए। दो कारतूस और दो खोखा भी मौके से पुलिस को मिले। अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण भी बरामद हुए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों से अवैध शस्त्र बेचे जाने को लेकर जानकारी की जा रही है। खुलासा करने वाली टीम में मल्लावां कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक रामानंद मिश्रा और रामलाल सोनकर, दीवान पवन कुमार, राजेश यादव आदि शामिल रहे।
शेर सिंह पर दर्ज हैं आठ मामले
अवैध शस्त्र बनाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए शेर सिंह उर्फ शेरा के खिलाफ मल्लावां कोतवाली में सात मामले और टड़ियावां थाने में एक मामला दर्ज है। टड़ियावां थाने में जानलेवा हमले और बलवे का मामला दर्ज है, जबकि मल्लावां कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, मारपीट आदि के मामले दर्ज हैं।