हरदोई। इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) ने जून 2026 टर्म-एंड परीक्षा को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय के अनुसार परीक्षाएं एक जून से शुरू होंगी। विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अभ्यर्थियों को 31 मार्च तक असाइनमेंट जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएसएन पीजी कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र पर इग्नू की परीक्षाएं एक जून से शुरू होंगी। इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि जो छात्र आगामी जून परीक्षा में सम्मिलित होना चाहते हैं उनके लिए समयसीमा निर्धारित कर दी गई है। जून 2026 की परीक्षा के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2026 है। निर्धारित तिथि के बाद 11 अप्रैल से परीक्षा फॉर्म भरने पर 1100 रुपये विलंब शुल्क देना होगा।
इग्नू की परीक्षाएं एक जून से 15 जुलाई तक चलेंगी। बताया कि जिन छात्रों ने अभी तक अपने असाइनमेंट जमा नहीं किए हैं वह 31 मार्च तक जमा कर दें। इसके अलावा नए सत्र में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र 30 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। छात्र बीए, बीकॉम, विभिन्न डिप्लोमा कोर्स समेत एमए हिंदी, समाजशास्त्र, अंग्रेजी, ग्रामीण विकास, अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान जैसे कई विषयों में प्रवेश ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए छात्र इग्नू के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।