एक युवक ने रुपये न देने पर मां को डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। बडे़ बेटे की तहरीर पर मामला दर्ज हुआ। आरोपी फरार है। पुलिस इसकी तलाश कर रही है। शनिवार रात की यह घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के न्यू आशानगर ककराली की है।
न्यू आशा नगर ककराली निवासी दिवंगत मुन्ना की पत्नी बिटाना (55) के चार बेटे और एक निशक्त बेटी है। बड़ा बेटा अरविंद उर्फ विंद्रा और पवन अक्सर बाहर रहते हैं। नीरज व पुन्ना उसके साथ रहते थे। शनिवार रात नीरज शराब के नशे में अपनी मां से रुपये मांग रहा था। बिटाना के इनकार करने पर उसे डंडे से पीटने लगा। सिर पर डंडे के एक घातक प्रहार से बिटाना की मौके पर ही मौत हो गई। यह देख नीरज भाग निकला।
आसपास के लोगों की सूचना पर आई पुलिस ने पंचनामे के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी होने पर बेटा अरविंद और पुन्ना भी आ गए। अरविंद ने नीरज के खिलाफ दी गई तहरीर में बताया कि रुपये न देने पर उसके भाई ने मां को डंडा मार दिया। इससे उसकी मौत हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने बताया कि आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।