व्यापारी सम्मेलन में नरेश अग्रवाल व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मैंने जिले में गुुंडों को पनपने नहीं दिया। मेरे रहते कोई गुंडा किसी व्यापारी से रंगदारी वसूल नहीं पाएगा। व्यापारी धनकुबेर हैं। वही समाज का खजाना भरते हैं। नोटबंदी से आज व्यापार चरमरा गया है। व्यापारी के साथ किसान भी परेशान हैं। ये बात सपा सांसद नरेश अग्रवाल ने रेलवेगंज स्थित अग्रवाल धर्मशाला में व्यापारी सम्मेलन में कहीं। सपा के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद नरेश अग्रवाल व्यापारी सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि वैश्य और ब्राह्मण समाज सत्ता की कुंजी हैं। ब्राह्मण घरों में और व्यापारी दुकानों पर राजनीतिक चर्चा करता है तो राजनीतिक माहौल बनता व बिगड़ता है।
देश का खजाना भरने वाला व्यापारी और किसान नोटबंदी से आज परेशान हैं। मंडियों में करोड़ों में होने वाला कारोबार लाखों में सिमट कर रह गया है। इंदिरा गांधी का घमंड नसबंदी लागू होने पर टूटा था और मोदी का घमंड नोटबंदी के बाद जनता चूर कर देगी। विदेशों से कालाधन लाने में नाकाम मोदी अब देश में कालाधन होने की बात कहने लगे हैं। देश में अनएकाउंटेड मनी है, उसे कालाधन नहीं कहा जा सकता है। नोटबंदी से जनता को होने वाली परेशानी के लिए प्रधानमंत्री को संसद में आकर माफी मांगनी चाहिए।
सांसद ने व्यापारियों से विधानसभा चुनाव में सपा को वोट देने की अपील भी की। प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि नोटबंदी से व्यापारी और उद्योग चौपट हो गए हैं। लोगों को अपने ही पैसों के लिए बैंकों में लंबी लंबी लाइनें लगानी पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी का विरोध करने वालों को अब समझ में आ गया होगा। भाजपा के पास प्रत्याशी तक नहीं हैं। वह विधानसभा चुनाव में दूसरे दलों से आए नेताओं के भरोसे चुनाव जीतने का ख्वाब दे रही है लेकिन ये ख्वाब जनता पूरा नहीं होने देगी।
दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री मुकेश अग्रवाल, राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने भी सभा को संबोधित किया। सम्मेलन में जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष रामप्रकाश शुक्ला, व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन जैन, अचल अग्रवाल, श्यामाकुमार टीटू, जोगिन्दर सिंह गांधी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।