हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोगावां जोत में सोमवार रात झोपड़ी में आग लगने से 80 हजार रुपये और गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से 11 मवेशी भी झुलस गए। मंगलवार को राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोगावां जोत निवासी अवधेश यादव पुत्र राजेंद्र खेती करता है। वह गांव के बाहर झोपड़ी में रहता है। पीड़ित के मुताबिक उसने बड़ी बेटी की शादी के लिए 80 हजार रुपये जोड़े थे।
सोमवार रात वह परिवार के साथ दूसरी झोपड़ी में सो रहा था। इसी दौरान देर रात झोपड़ी में आग लग गई। अवधेश की मां प्यारी ने झोपड़ी में आग लगी देख शोर मचा दिया। शोर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। अवधेश ने आनन-फानन में झोपड़ी में सो रहे बच्चों को बाहर निकाला। झोपड़ी में रखी नगदी व जेवरात और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। मंगलवार सुबह राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। पीड़ित परिवार को मदद का आश्वासन देकर ढांढस बंधाया। एसओ बृजेश सिंह ने बताया कि आग लगने का कारण का पता नहीं चल सका है। जांच की जा रही है।