फोटो-42- जिला अस्पताल में भर्ती धीरेंद्र अवस्थी।
- फोटो : HARDOI
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बिल्हौर-कटरा मार्ग पर कार सवार भूसी व्यापारी को बाइक सवार तीन लोगों ने ओवरटेक कर रोक लिया। बाइक सवारों ने तमंचे की बट से व्यापारी के सिर पर वार कर ढाई लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
इसी दौरान भूसी व्यापारी के शोर मचाने पर राहगीरों ने एक बाइक सवार को पकड़ लिया, जबकि दो फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि लूट की घटना नहीं हुई है। ओवरटेक करने को लेकर मारपीट हुई है।
सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम फतियापुर निवासी धीरेंद्र अवस्थी (35) पुत्र रामचंद्र अवस्थी भूसी का व्यापार करते हैं। धीरेंद्र के मुताबिक सोमवार शाम वह अपनी कार से माधौगंज जा रहे थे।
बिलग्राम मल्लावां मार्ग पर ग्राम हीरा रोशनपुर के निकट पीछे से आए बाइक सवार तीन लोगों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। इनमें से एक बाइक सवार ने तमंचे से सिर पर वार कर दिया, जबकि दूसरे ने कार में रखे ढाई लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर आ गए और एक बाइक सवार को पकड़ लिया। पकड़े गए बाइक सवार को बिलग्राम कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जबकि धीरेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिलग्राम कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि लूट की घटना नहीं हुई है। ओवरटेक को लेकर मारपीट हुई है। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।