कछौना। पत्नी को परीक्षा दिलाकर वापस लौटते समय बाइक सवार को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। बाइक सवार पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम मल्लपुर में संचालित एक विद्यालय में जनपद लखनऊ के थाना मलिहाबाद के ग्राम महदोई टिकरा निवासी मुकेश सिंह (26) पुत्र राज बहादुर सिंह अपनी पत्नी रेखा (22) को इंटर की परीक्षा दिलाने आया था। परीक्षा समाप्त होने पर दंपति बाइक से घर लौट रहे थे।
वे विद्यालय से कुछ ही दूर पहुंचे थे कि हरदोई-लखनऊ मार्ग पर ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गए। मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रेखा घायल हो गई। पीछे आ रहे अन्य विद्यालय के विद्यार्थियों ने रेखा को स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।