हरियावां। थाना क्षेत्र के सधिनावां गांव में पत्नी के शराब पीने से रोकने पर पति ने नीम के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। बृहस्पतिवार सुबह पत्नी से विवाद के बाद पति ने घर से करीब एक किलोमीटर दूर जाकर खुदकुशी कर ली। घटना से पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
संधिनावां निवासी रणवीर (40) खेती करते थे। परिवार में पत्नी पुष्पा के अलावा तीन बेटे और दो बेटियां हैं। मृतक के भाई सतेंद्र ने बताया कि रणवीर की बीते एक साल से शराब पीने की लत पड़ गई थी। बुधवार शाम को भी रणवीर नशे में घर आया था और रात में खाना खाने के बाद परिवार के साथ सो गया। बृहस्पतिवार सुबह उठने के कुछ ही देर बार वह शराब पीने जाने लगा। पत्नी ने शराब न पीने की सलाह दी तो रणवीर विवाद करने लगा। कुछ देर बाद वह घर से चला गया और करीब एक किलोमीटर दूर कोट गांव निवासी संतराम के मक्के के खेत में खड़े नीम के पेड़ से गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
ग्रामीणों ने शव देखा तो परिजन को सूचित किया। भाई सतेंद्र की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।