पति ने पत्नी की पीट-पीटकर की हत्या
- फोटो : amar ujala
हरदोई में देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नीर में शराब के नशे में धुत पति ने पत्नी की लाठी डंडों से पीट पीटकर हत्या करदी। घटना की जानकारी हत्यारोपी के भाई ने रविवार को पुलिस को दी, तो सीओ सिटी समेत पुलिस बल मौके पर गया। हत्यारोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नीर निवासी लल्ला मजदूरी करता है। परिजनों के मुताबिक लल्ला शराब पीने का आदी है। शनिवार देर रात वह शराब पीकर घर पहुंचा और पत्नी मिलन (45) से खाना मांगा। पत्नी ने खाना दे दिया और इसी दौरान रोज शराब पीकर आने की बात कहकर उलाहना दिया।
इसी को लेकर पति पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर लल्ला ने अपनी पत्नी मिलन को लाठी डंडों से जमकर पीट दिया। इसके कारण मिलन घर में बेहोश हो गई और पड़ी रही। रविवार तड़के लल्ला का भाई राजाराम कोई आहट न मिलने पर घर गया, तो कमरे में मिलन का शव पड़ा हुआ था।
उसने घटना कीजानकारी ग्रामीणों और पुलिस को दी। रविवार की सुबह सीओ सिटी विकास जायसवाल, देहात कोतवाल जितेंद्र ओझा आदि मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्यारोपी लल्ला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लल्ला के भाई राजाराम ने बताया कि मिलन पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी। दस वर्ष पहले लल्ला के संपर्क में दिल्ली में आई थी, इसके बाद वह लल्ला के साथ ही रहने लगी थी। उसके तीन बच्चे भी हैं।