राममनोहर लोहिया समग्र ग्राम के अंतर्गत चयनित छतिहा
रामपुर में विकास कार्यों में हुई धांधली की जांच की मांग को लेकर
ग्रामीणाें ने शुक्रवार को विकास खंड कार्यालय भरावन पर एक दिवसीय अनशन कर
डीएम को संबोधित 11 सूत्री मांगपत्र बीडीओ को सौंपा।
वर्ष 2012-13 में
लोहिया समग्र ग्राम के अंतर्गत चयनित विकास खंड भरावन की ग्राम पंचायत
छतिहा रामपुर के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मनरेगा के अंतर्गत कार्य कराए
बिना ही फर्जी भुगतान कर लिए गए। आरोप लगाया कि अपात्रों के जॉब कार्ड बने
हुए हैं और लोहिया आवासों के वितरण एवं शौचालय निर्माण में भी धांधली की गई
है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शौचालय निर्माण की धनराशि जिम्मेदारों द्वारा
हजम कर ली गई है और जो शौचालय बनवाए गए हैं, वह गुणवत्ताहीन और अधूरे पड़े
हैं। ग्राम पंचायत में कई मार्गों पर कार्य दिखाकर पैसा निकाल लिया गया,
पर कार्य नहीं कराया गया है। इस दौरान समाजवादी पेंशन योजना से पात्रों को
वंचित रखने का भी आरोप लगाया गया है।
साथ ही दिए गए ज्ञापन में 2010 से
अब तक राज वित्त, दशम वित्त एवं मनरेगा के अंतर्गत कराए गए कार्यों की
जांच, किर्तिहा खेड़ा गांव में बेंचा की बाग से भरोसे के घर तक रास्ते की
जांच, छतिहा गांव में रामस्वरूप के दरवाजे से लाल बाबू के दरवाजे तक रास्ते
की जांच, लालबाबू के दरवाजे से अरुण के दरवाजे तक रास्ते की जांच तथा
विपिन के दरवाजे से सुशील के दरवाजे तक रास्ते की जांच की मांग की है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन बीडीओ भरावन को सौंपते हुए एक
सप्ताह के अंदर स्थलीय जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि
एक सप्ताह के अंदर जांच शुरू न हुई तो 15 अगस्त को भरावन चौराहा स्थित
गांधी प्रतिमा पर ग्रामीणों द्वारा एक दिवसीय मौन उपवास किया जाएगा।
इसके
बाद गांव से पद यात्रा करके विधान भवन के सामने अनशन करेंगे। इस मौके पर
सुशील कुमार, वीरपाल सिंह, गुरुप्रसाद, मोहनलाल, हरिनाम, लाल बाबू,
परमेश्वर, जंगली, रज्जन, राम सिंह, ज्ञानेंद्र, राजकुमार सिंह, मेवालाल,
छोटक्के, रामआसरे, केशन, लवकुश समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।