आग पर काबू पाने के बाद जले खेतों में खड़े मायूस किसान।
- फोटो : amar ujala
पचदेवरा थाना क्षेत्र के नगला हुसैन में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से 80 बीघा गेहूं की फसल जल गई। सूचना देने के बाद भी पुलिस और फायरब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने जैसे तैसे दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। देर शाम हलका लेखपाल ने गांव पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया लेकिन जेई बिजली विभाग नहीं पहुंचे थे। पचदेवरा थाना क्षेत्र के नगला हुसैन बाहर खेतों से हाईटेंशन लाइन निकली है। इस लाइन के तार काफी जर्जर हैं। किसान कई बार जर्जर लाइन बदलने की मांग कर चुके हैं, लेकिन तार नहीं बदले गए।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे हवा चलने से स्पार्किंग हुई और तार टूटकर खेत में गिर गया। इससे खेत में खड़ी गेहूं की पकी फसल जलने लगी। आसपास खेतों में मौजूद कुछ किसानों के शोर मचाने पर गांव के लोग दौड़े। ग्राम प्रधान जगदीश सिंह ने यूपी 100 के अलावा फायरब्रिगेड को सूचना दी। इसके साथ ही ग्रामीणों ने पंपिंग सेट चलाकर और गांव से पानी लाकर जैसे तैसे करीब दो घंटे में आग पर काबू किया।
हादसे में करीब 80 बीघा गेहूं की फसल जल गई। मौके पर फायरब्रिगेड और पुलिस नहीं पहुंची। शाम करीब छह बजे लेखपाल गांव पहुंचे और किसानों से जानकारी लेने के साथ मौका मुआयना किया। देर शाम तक जेई एपी सिंह भी मौके पर नहीं पहुंचे थे। पचदेवरा एसओ शेर सिंह ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस और फायरब्रिगेड मौके पर गई थी। वहीं कुछ ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस और फायरब्रिगेड काफी देर से आ रही थी। कुछ लोगों ने आग लगने की जानकारी ली, लेकिन तब तक आग बुझ गई थी तो लौट गई।