फोटो-8-मांगों को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधि?
- फोटो : HARDOI
हरदोई। नगर पालिका द्वारा अपनाई जा रही स्वत: कर निर्धारण प्रक्रिया को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने गुस्सा जाहिर किया व इसे निरस्त कराने की मांग की। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि प्रक्रिया निरस्त करें वरना व्यापारी वर्ग प्रदर्शन करेगा।
जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह गौर ने कहा कि नगर पालिका परिषद की ओर से संपत्ति कर स्वत: कर निर्धारण प्रक्रिया को शुरू किया गया है। जोकि गृहकर को विकराल रूप में परिवर्तित कर देगी। व्यापारियों व आम जनमानस को पूर्व निर्धारित कर को कई गुना कर देगी। इस प्रकार से टैक्स में बढ़ोतरी, मकान व दुकान व भूमि को स्वामित्व से छीनने जैसा दिखाई पड़ रहा है।
सरकार का ऐसा निर्णय संपत्ति को अधिग्रहण करने जैसा है। जो व्यापार और जनमानस का जीवन अस्त व्यस्त करके बर्बाद कर देगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में कोरोना काल का ग्रहण, पेट्रोल डीजल व अन्य रोजमर्रा की जरूरतों के सामान में महंगाई पहले से ही व्यापारी व जनता को त्रस्त कर चुकी है।
उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को ज्ञापन देकर कहा कि यदि प्रक्रिया निरस्त न हुई तो सड़क पर उतर कर व्यापारी प्रदर्शन करेंगे। दुकान व मकान की चाबियां सरकार को सौंपेंगे। इस मौके पर दुर्गेश चंद्र गुप्ता, आनंद शुक्ला, इशरत अली, हरी प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।