शाहाबाद। बदमाशों ने बुधवार रात आवास विकास कॉलोनी निवासी दवा व्यवसायी के घर पर उसकी पत्नी व बेटे को बंधक बना लिया। बदमाशों ने व्यवसायी की पत्नी को धारदार हथियार से घायल कर दिया। इसके बाद घर में रखी नगदी व जेवरात लूट कर फरार हो गए।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। गुरुवार को एसपी अनुराग वत्स ने कोतवाली पहुंच कर घटना के संबंध में जानकारी ली। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
नगर में सिनेमा रोड पर दवा की थोक व फुटकर दुकान चलाने वाले सुधांशू शुक्ला कस्बे की आवास विकास कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार रात लगभग आठ बजे उनकी पत्नी शिखा शुक्ला व छोटा बेटा रुद्र घर पर था।
जबकि सुधांशू शुक्ला दुकान पर व बड़ा बेटा ध्रुव बाजार से कुछ सामान लेने गया था। इस बीच तीन बदमाश उनके घर में घुस आए और शिखा व उसके बेटे रुद्र को बंधक बना लिया।
महिला के विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर बांके से हमला बोल दिया। हाथ में बांका लगने से शिखा गंभीर रूप से घायल हो गई। बदमाशों ने जबरन शिखा से अलमारी की चाभी छीन ली।
इसके बाद अलमारी में रखी 75 हजार रुपये की नगदी व जेवरात लूट ले गए। शिखा के मुताबिक वह पीछे से बाहर निकली तो तीन बदमाशों से इतर उनका एक अन्य साथ कुछ दूरी पर स्कूटी पर खड़ा दिखाई दिया।
जब तक वह शोर मचाती और आस पास के लोग मौके पर आते, तब तक बदमाश भाग चुके थे। इधर घटना की जानकारी मिलते ही सुधांशू व ध्रुव समेत सीओ सतेंद्र सिंह व पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच की।
सुधांशू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि नगदी समेत बदमाश दस अंगूठी, एक नेकलेस, 4 जोड़ी कान के बुंदे व बेटे ध्रुव के मोबाइल समेत अन्य चीजें चुरा ले गए।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर गुरुवार को एसपी अनुराग वत्स ने कोतवाली पहुंच कर पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया है।