हरदोई। हरदोई भूतपूर्व सैनिक वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से शहीद उद्यान में गुरुवार को अमर बलिदानियों की शहादत को याद करते हुए दो मिनट का मौन रख श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। सोल्जर चौराहे पर चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग का पुतला व चीनी सामान की होली जलाकर विरोध जताया।
शहीद उद्यान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में हरदोई भूतपूर्व सैनिक वेलफेयर फाउंडेशन के जिला अध्यक्ष सुबेदार मेजर अशोक कुमार अग्निहोत्री ने कहा कि भारत-चीन सीमा पर लद्दाख क्षेत्र के गलवान घाटी में चीनी सैनिकों ने जो कायराना हरकत की है उससे पूरे देश में आक्रोश है। दिवंगत शहीदों की आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की व उनके परिवारों को ढांढस बंधाया कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है। इसके बाद चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का पुतला फूंककर रोष जताया। सभी ने संकल्प लिया कि चीन में बना सामान नहीं खरीदेंगे। चीनी सामानों की होली भी जलाई। इस मौके पर पूर्व सैनिकों के अलावा भाजपा नेता पारुल दीक्षित, कमलेश पाठक, विमलेश दीक्षित, समाजसेवी राजीव सिंह सोमवंशी, अविरल अग्निहोत्री व विजय मिश्रा आदि मौजूद रहे।
शहीदों के परिवारों को दें एक करोड़ की सहायता
हरदोई। रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया ए के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा व शहीदों के परिवारों को एक करोड़ की राशि प्रदान करवाए जाने की मांग की।
कलक्ट्रेट परिसर में अध्यक्ष अवनींद्र कुमार एडवोकेट ने कहा कि लद्दाख की गलवान घाटी में भारत कर्नल समेत 20 सैनिक शहीद हो गए। शहीदों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए व चीनी सैनिकों को पुरजोर जवाब दिया जाए। इस मौके पर रवि कुमार वर्मा, श्रीपाल, रामचंद्र वर्मा, आकाश कुमार आदि मौजूद रहे।
हिंदू युवा वाहिनी ने भी फूंका पुतला
हरदोई। हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को नुमाइश चौराहे पर प्रदर्शन किया व चीन के राष्ट्रपति का पुतला फूंका। इस मौके पर जिला प्रभारी गिरिराज यादव, जिलाध्यक्ष शशि कुमार सिंह, राजीव खरे, विकास सैनी, आशीष जायसवाल, इंद्रेश शुक्ल, ईश्वर शरण द्विवेदी आदि मौजूद रहे।