हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र से जुड़े खदरा रेलवे क्रासिंग पर मंगलवार की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने फाटक को टक्कर मार दी और गेट मैन को कुचलने का प्रयास किया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल गेट मैन को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखकर चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया।
खदरा माल गोदाम के आगे रेलवे फाटक संख्या 277 सी पर मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे पिहानी की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बंद गेट को टक्कर मार कर निकलने का प्रयास किया। फाटक पर गेटमैन सतपाल चंदेल (52) तैनात थे। फाटक को टक्कर मारने पर वह मोबाइल से ट्रक की फोटो लेने लगे तो अचानक चालक ने ट्रक उनकी तरफ घुमा दिया। आसपास के लोगों ने बताया कि अपनी तरफ ट्रक को आता देख वह पीछे की ओर भागे। ट्रक उनसे रगड़ते हुए निकला और ट्रक की टक्कर से दूर जा गिरे।
चालक तो ट्रक लेकर फरार हो गया लेकिन उनके सिर पर चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी पाकर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया। प्राथमिक इलाज देने के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया।
देहात कोतवाली पुलिस ने बताया कि परिजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। स्टेशन अधीक्षक नरसी लाल मीणा ने बताया कि पुत्र और अन्य परिजन उन्हें लखनऊ लेकर गए हैं। वापस आने पर पुलिस को तहरीर दिलाई जाएगी। फाटक क्षतिग्रस्त होने के मामले में भी पीडब्लूआई को कार्रवाई के लिए कहा गया है।