हरदोई। उच्च न्यायालय इलाहाबाद के ओएसडी जितेंद्र कुमार सिंह ने सोमवार को दीवानी न्यायालय परिसर में हो रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
जिले में हो रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेने के लिए उच्च न्यायालय के ओएसडी जितेंद्र कुमार ने जिले में पहुंचकर
गहन निरीक्षण किया। उन्होंने थ्री कोर्ट रूम बिल्डिंग का निरीक्षण कर वहां कोर्टों के अंदरूनी भाग में बनने वाले कटघरे के बारे में पूछताछ की और दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कंप्यूटर हाल, वेतन हाल व लीगल एंड सर्विस रूम स्थापित होने वाली इमारत का निरीक्षण किया।
इसके बाद उन्होंने चार मंजिला निर्माणाधीन अभिलेखागार बिल्डिंग का निरीक्षण किया। तत्पश्चात जजेज कालोनी में निर्माणाधीन आवासीय परिसर का निरीक्षण किया। ओएसडी श्री कुमार ने न्यायिक अधिकारियों के लिए बनने वाले भवनों के संबंध में कई निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा उन्होंने समय समय पर न्यायिक अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्यों का जायजा लेने का भी निर्देश दिया।
दीवानी न्यायालय परिसर में कार्य करा रही उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए ओएसडी जितेंद्र कुमार ने कहा कि जो निर्माण कार्य चल रहा रहे हें उन्हे तीव्र गति से पूरा किया जाए तथा प्रस्तावित निर्माण कार्य भी शुरू किए जाए।
इस दौरान जनपद न्यायाधीश नरेश जैन एडीजे कमला सिंह यादव, सीजेएम अतुल सिंह, यूपीआरएनए के परियोजना प्रबंधक पीके श्रीवास्तव, अभियंता पंकज वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट जितेंद्र मोहन, एसडीएम संडीला अशोक प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।