बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की आर्थिक सहायता को सोमवार
को अन्नदाता सहायता मंच ने डीएम को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 11 हजार
रुपये का डिमांड ड्राफ्ट सौंपा। इसके अलावा पंजीकृत 30 परिवारों में
प्रत्येक को 10 हजार रुपये की धनराशि देने का फैसला किया।
कुदरत
की मार अबकी किसानों पर सबसे ज्यादा पड़ी है। बारिश और ओलावृष्टि से
किसानों की फसल बड़े पैमाने पर खराब हुई है। जिले के प्रभावित किसानों की
मदद को नारायण सेवा समिति अध्यक्ष प्रीतेश दीक्षित व सुनीलम फाउंडेशन
अध्यक्ष उद्वित मोहन पाठक ने अन्नदाता सहायता मंच का गठन कर किसानों की
आर्थिक मदद करने का फैसला किया।
मंच ने सोमवार को कलक्ट्रेट में किसानों व
उनके आश्रितों की मदद को 11 हजार रुपये का डिमांड ड्राफ्ट डीएम रमेश मिश्र
को सौंपा। समिति अध्यक्ष ने बताया कि सामूहिक प्रयास से किसानों की मदद को
अन्नदाता सहायता मंच ने करीब तीन लाख पचास हजार रुपये एकत्रित किए हैं।
जिसमें
से 11 हजार रुपये सीएम राहत कोष में जमा किए गए हैं, जबकि 10-10 हजार
रुपये की आर्थिक सहायता जिले के पंजीकृत 30 पीड़ित परिवारों को दी जाएगी।
पीड़ित किसान व आश्रितों को 10 हजार रुपये की धनराशि के चेक का वितरण मंच
की ओर से नौ जून को सरकुलर रोड स्थित एक लॉन में किया जाएगा।
बताया कि
आंकड़ों के आधार पर मंच द्वारा चिह्नित किए गए परिवारों का पंजीकरण पांच
जून तक किया जाएगा। इस दौरान दानिश किरमानी, अमिताभ शुक्ला, अनुराग मिश्र,
सत्यम तिवारी आदि मौजूद थे।