लोनी चीनी मिल के वरिष्ठ सुरक्षा प्रबंधक की कार में
शाहाबाद-लोनी मार्ग पर एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे वरिष्ठ प्रबंधक की
मौत हो गई, वहीं उनकी कार का चालक घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम
के लिए भेज दिया गया। उधर, अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों
में आठ लोग घायल हो गए।
मिली
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जिले के धनचुला निवासी सुमित्रा नंदन सिंह (55)
पुत्र रामप्रसाद नौसेना से सेवानिवृत्त होने के बाद लोनी चीनी मिल में
वरिष्ठ सुरक्षा प्रबंधक के पद पर कार्य कर रहे थे। रविवार को वह शाहजहांपुर
से अपनी कार से वापस चीनी मिल आ रहे थे।
रास्ते में रात करीब साढ़े तीन
बजे शाहाबाद-लोनी मार्ग पर पीछे से आ रहे ट्रक ने ओवर टेक करते समय टक्कर
मार दी, जिससे कार पेड़ से जा टकराई। इससे सुमित्रा नंदन सिंह और चालक
करुणा कांत निवासी नगला भगवान थाना कोतवाली शाहाबाद घायल हो गए।
सुमित्रा
नंदन की हालत गंभीर होने पर उनको जिला अस्पताल भेजा गया, पर रास्ते में
उनकी मौत हो गई। वहीं चालक का स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार किया गया। घटना की
सूचना पुलिस को दी गई। इस दौरान मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना प्रबंधक के परिजनोें को दी गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उधर, इस घटना से चीनी मिल
कर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाबत मिल सुरक्षा निरीक्षक
शिवानंद पांडेय ने अज्ञात चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर,
अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में आठ लोग घायल हो गए।
शहर
कोतवाली क्षेत्र के ओवर ब्रिज के पास बाइक सवार टड़ियावां क्षेत्र के ग्राम
हबीबपुर निवासी निर्मला (36) पत्नी रावेंद्र, उनका पुत्र शानू (2), जेठानी
गीता (28) पत्नी वीरेंद्र कुमार और देवर दिनेश (22) आटो की टक्कर से घायल
हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस बाबत निर्मला ने
बताया कि उनकी भाभी सीमा महिला अस्पताल में भर्ती है। वह लोग उन्हें देखने
आए थे। उनको देखने के बाद दिनेश के साथ बाइक से घर वापस जा रहे थे। ओवर
ब्रिज पर आटो ने टक्कर मार दी। उधर, उन्नाव जिले के औरास निवासी राजेश (35)
पुत्र माखन और पोहकर (55) पुत्र कुबेर वैवाहिक समारोह में शामिल होने बाइक
से आए थे। अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से घायल हो गए।
उनको जिला अस्पताल
में भर्ती कराया गया, वहीं मझिला क्षेत्र के ग्राम ऐलीपुर निवासी रामलाल
(50) पुत्र बक्खा और शहर कोतवाली क्षेत्र के भदैचा निवासी सर्वजीत (20)
पुत्र हरि प्रसाद अलग-अलग सड़क हादसों में घायल हो गए।