हरदोई। कोरोना से बचाव के लिए को-वैक्सीन की दूसरी डोज लेने के लिए ऑनलाइन पंजीयन नहीं कराना होगा। 18 साल से ऊपर की आयु वर्ग के लोगों को वैक्सीनेशन के लिए अभी और इंतजार करना होगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि शासन की ओर से स्वास्थ्य विभाग को दिशा निर्देश जारी हुए हैं। जिसमें ऑन स्पाट पंजीकरण बंद कर दिया गया है। दूसरी डोज लेने वालों को पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि सोमवार को कुल 69 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। जिसमें 1943 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। 45 साल से ऊपर वाले 1100 व 60 साल से ऊपर वाले 745 बुजुर्गों का टीकाकरण किया गया। शेष फ्रंट लाइन के लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। उन्होंने बताया कि 18 प्लस के लोगों को अभी इंतजार करना होगा। उनके वैक्सीनेशन को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।