नर्सिंग होम के निरीक्षण के दौरान कागजी कार्रवाई करते सीएचसी अधीक्षक डॉ. विपुल वर्मा। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। सीएचसी अधीक्षक ने मंगलवार को कस्बे के एक नर्सिंग होम में छापा मारा। डॉक्टर और स्टाफ के न मिलने और पर्याप्त व्यवस्था न मिलने पर नर्सिंग होम सील कर दिया गया।
कोथावां सीएचसी अधीक्षक डॉ. विपुल वर्मा ने मंगलवार को टीम के साथ कस्बा स्थित एक नर्सिंग होम पर छापा मारा। इस दौरान नर्सिंग होम पर मौजूद लोग पंजीकरण नहीं दिखा सके। नर्सिंग होम में दवा, पर्याप्त उपकरण व कर्मचारी भी मौजूद नहीं मिले। जांच के दौरान नर्सिंग में एक मेडिकल स्टोर भी बिना पंजीकरण के संचालित होता पाया गया। नर्सिंग होम में एक मरीज भर्ती मिला। उसके तीमारदारों ने बताया कि टीम के आने पर यहां मौजूद कर्मचारी भाग गए। बताया कि यहां सप्ताह में केवल एक दिन ही डॉक्टर आते हैं। नर्सिंग होम में मरीजों के भर्ती किए जाने व इलाज किए जाने का कोई अभिलेख व रजिस्टर नहीं मिला। अस्पताल से निकलने वाला कचरा भी बेतरतीब ढंग से आसपास पड़ा पाया गया। नर्सिंग होम में भारी मात्रा में अव्यवस्थाएं मिलने पर सीएचसी अधीक्षक ने उसे सील करा दिया है। बताया कि इसकी जानकारी अधिकारियों को दी जा रही है।