फोटो-13- हरपालपुर सीएचसी में परिजन मोबाइल से दिखा रहे रोशनी
- फोटो : HARDOI
हरपालपुर। सीएचसी की बिजली व्यवस्था बदहाल है। हाई वोल्टेज के कारण अस्पताल की वायरिंग फुंकने से अस्पताल में बिजली आपूर्ति बंद है। ऐसे में सोमवार रात बिजली न होने से दाई ने मोबाइल की टार्च की रोशनी में महिला का प्रसव कराया।
हरपालपुर सीएचसी की स्वास्थ्य सेवाएं भगवान भरोसे चल रही हैं। तीन दिन पूर्व हाई वोल्टेज आने से सीएचसी की वायरिंग फुंक गई थी। ऐसे में यहां आने वाले मरीजों को जनरेटर सुविधा की लाभ भी नहीं मिल रहा है।
इस उमस भरी गर्मी में मरीज बेहाल हो रहे हैं। सोमवार की रात मलौथा निवासी मीनाक्षी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन सीएचसी लाए। पति श्रवण ने बताया कि सीएचसी में बिजली नहीं थी और न ही स्टाफ नर्स मिलीं।
सीएचसी में मौजूद दाई ने मोबाइल टार्च की रोशनी में प्रसव कराया। प्रसव होने के बाद जननी सुरक्षा वार्ड में भर्ती किया गया। वहां पर गर्मी में जच्चा-बच्चा दोनों परेशान रहे। जैसे-तैसे रात कटने के बाद परिजन छुट्टी कराकर उसे घर लेकर चले गए।
वर्जन
सीएचसी में तीन दिन पहले वायरिंग फुंकने के कारण बिजली नहीं आ रही है। रात में टार्च की रोशनी में प्रसव कराने की जानकारी नहीं है। जल्द की वायरिंग ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी। - डॉ. अमित कुमार, सीएचसी अधीक्षक