टड़ियावां सीएचसी में सफाई कर्मी की पिटाई करते युवक
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई जिले में टड़ियावां सीएचसी में युवकों ने सफाई कर्मी की लात घूसों से जमकर पिटाई कर दी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हमलावर धमकी देकर मौके से भाग गए। पीड़ित ने थाने में शिकायत की है। गुलाब पुरवा निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि वह टड़ियावां सीएचसी में सफाई कर्मी के पद पर तैनात है।
रविवार सुबह वह ड्यूटी कर रहा था। इस दौरान एक युवक शराब के नशे में आया। वह इमरजेंसी कक्ष में आकर उसे गाली देकर बुलाने लगा। उसके विरोध करने पर मारपीट करने लगा। इसी बीच उसे चार साथी और आ गए। उन सभी ने मिलकर उसकी लात घूसों से पिटाई कर दी। हाथों से खींचकर उसके कपड़े फाड़ दिए।
उसे अस्पताल स्टाफ ने बचाया। इसके बाद हमलावर जान-माल की धमकी देकर भाग गए। पूरी घटना सीएचसी में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित ने फुटेज के साथ थाने में तहरीर दी। एसओ नित्यानंद सिंह ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।