किशोरी को बहलाकर ले जाने के आरोपी युवक ने रविवार शाम कोतवाली के शौचालय में फंदा लगा लिया। जानकारी पर पुलिस कर्मियों ने उसे फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद पहुंचाया। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात तक पुलिस अधिकारी मामले की पड़ताल में जुटे थे। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने 28 अगस्त को पुलिस को तहरीर दी थी। बताया था कि 27 अगस्त की शाम गांव का ही रहने वाला रवि राजपूत उसकी बेटी (16) को बहलाकर ले गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रवि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने किशोरी और आरोपी को खोज लिया था। रवि को कोतवाली के हवालात में रखा गया था। रविवार शाम रवि कोतवाली परिसर में ही लघुशंका के बहाने शौचालय गया था। यहीं पर उसने कंबल के सहारे फंदा बनाकर लगा लिया। पुलिस कर्मियों ने देखा तो उसे फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद ले गए। डॉ. विक्रम ने बताया कि जब पुलिस कर्मी रवि को लेकर आए थे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन शाहाबाद कोतवाली पहुंचे और घटना के बारे में पुलिस कर्मियों से पूछताछ की। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र, सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण भी शाहाबाद कोतवाली में खबर लिखे जाने तक मौजूद थे। एसपी नीरज जादौन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता।
घटना में मृतक के पिता रामराज की तहरीर पर विवेचक वरुण कुमार, यूपी 112 के दो पुलिस कर्मियों, किशोरी के परिजनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गयी है। एसपी नीरज जादौन ने बताया कि वरुण कुमार (उपनिरीक्षक) को निलंबित कर दिया गया है। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शाहाबाद कोतवाली के सामने जाम लगाया।