हरदोई। अर्से से जर्जर पिहानी-जंगबहादुरगंज मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंजूर कर दिया है। लगभग 18 किलोमीटर लंबे मार्ग को सुधारने के लिए 35 करोड़ 18 लाख 75 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकृत फेसबुक पेज पर इसकी जानकारी दी गई है। यह मार्ग पिहानी कस्बे को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-24 लखनऊ-दिल्ली राजमार्ग से जोड़ता है।
पिहानी से जंगबहादुरगंज की दूरी लगभग 19 किलोमीटर है। यह सड़क कई वर्ष से जर्जर पड़ी है। आलम यह है कि 19 किलोमीटर लंबा सफर पूरा करने तकरीबन डेढ़ घंटा लग जाता है। सड़क पर कई स्थानों पर गहरे-गहरे गड्ढे हैं। लोक निर्माण विभाग के खंड-1 के अभियंताओं ने हल्की-फुल्की मरम्मत करवाकर यातायात चालू रखने की कवायद तो की, लेकिन यह बहुत सफल नहीं हुई। विधायक श्यामप्रकाश ने कई बार इस मार्ग का निर्माण कराने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा। राहत भरी खबर यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 19 किलोमीटर लंबी सड़क के 17 किलोमीटर 900 मीटर लंबे क्षतिग्रस्त हिस्से के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके लिए 35 करोड़ 18 लाख 75 हजार रुपये मंजूर किए हैं।
हर रोज निकलते हैं 6103 वाहन
लोक निर्माण विभाग के खंड-1 ने इस मार्ग के निर्माण के लिए आगणन तैयार किया था। इस दौरान मार्ग पर प्रतिदिन निकलने वाले वाहनों की संख्या का सर्वे भी कराया गया था। इसके मुताबिक हर रोज 6103 वाहनों का आवागमन इस मार्ग से होता है।
इन गांवों के लोगों को मिलेगी राहत
मार्ग की दशा सुधरने से वाजिदनगर, महोलियाखेड़ा, राभा, अब्दुल्लानगर, बरी, कुंवरपुर वसीठ, कुंवरपुर बघेल, महमूदपुर भगत, रैंगाईं, नारीखेड़ा, दत्यौनापुर, गौरिया, हरिहरापुर आदि गांवों के लगभग 50 हजार लोगों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का जताया आभार
विधायक श्यामप्रकाश ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उक्त मार्ग के निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का आभार जताया। यह भी कहा कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। अभियंताओं को भी गंभीरता से निगरानी कर निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू कराने के निर्देश विधायक ने दिए हैं।