हरदोई। भारतीय खाद्य निगम से उचित दर विक्रेताओं की दुकान तक खाद्यान्न पहुंचाने की खराब स्थिति पर क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सिंगल स्टेज खाद्यान्न आपूर्ति का काम देख रही फर्म के संचालकों से जवाब मांगा है।
खाद्य एवं रसद विभाग ने भारतीय खाद्य निगम से सीधे खाद्यान्न उचित दर विक्रेताओं की दुकानों तक पहुंचाने की व्यवस्था दी है। इसके उठान, परिवहन और उतार के लिए फर्मों को काम सौंपा गया है। आरएफसी ने कहा है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अक्तूबर के सापेक्ष आवंटित खाद्यान्न के उठान की स्थिति औसत से कम है।
आरएफसी संतोष कुमार ने बताया कि हरदोई नगर में मेसर्स ओम प्रकाश गुप्ता, टड़ियावां में मेसर्स बालाजी कंस्ट्रक्शन, सांडी और बेंहदर में मेसर्स मैहर रोड लाइंस, माधौगंज और मल्लावां में मेसर्स शिव शक्ति कांट्रेक्टर एंड सप्लायर, भरावन, बेनीगंज और कछौना में मेसर्स विजेंद्र सिंह को आवंटित खाद्यान्न के उठान और आपूर्ति करने की स्थिति खराब है। की स्थिति कम है।
इन फर्मों के संचालकों से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब न आने व संतोषजनक न होने पर उनकी सिक्योरिटी मनी से कटौती कर ली जाएगी। उन्होंने डीएसओ से कहा है कि वह अपने स्तर से भी इन फार्म संचालकों के माध्यम से उठान में तेजी लाएं।