हरदोई। शनिवार को नौ विकास खंडों में ब्लाक प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा को सबसे बड़ी जीत भाजपा नेता नरेश अग्रवाल का गढ़ कहे जाने वाले सुरसा ब्लाक में मिली है। यहां नरेश के भरोसमंद मिश्रा परिवार से जुड़े विजय कुमार ने सपा प्रत्याशी जयराम को 103 वोटों के लंबे अंतर से हराया है।
नौ ब्लाकों में ब्लाक प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव के परिणाम भी शनिवार को ही घोषित कर दिए गए थे। इन परिणामों को हारजीत के अंतर की स्थिति से आंका जाए तो एक बार फिर नरेश अग्रवाल ने अपनी पकड़ का एहसास कराया है। सुरसा विकास खंड से नरेश अग्रवाल के करीबी धनंजय मिश्रा के सहयोगी विजय कुमार प्रत्याशी थे। विजय कुमार को 111 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी जयराम को महज आठ वोट मिले। हार जीत के अंतर के लिहाज से बिलग्राम के प्रमुख निर्वाचित हुए सतेंद्र सिंह मुन्ना दूसरे नंबर पर हैं। सतेंद्र सिंह मुन्ना ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी कप्तान सिंह यादव को 82 वोट के लंबे अंतर से हराया है।
हरपालपुर से ब्लाक प्रमुख निर्वाचित हुए सपा प्रत्याशी अनोखे लाल कश्यप जीत के अंतर के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 67 वोटों से जीत हासिल की है। पिहानी से जीते कुशी वाजपेयी जीत के अंतर के मामले में चौथे स्थान पर हैं। उन्हें 45 वोट से जीत मिली है। संडीला में भाजपा प्रत्याशी आरती गुप्ता 32 वोट से जीती हैं और अंतर के मामले में वह पांचवें नंबर पर हैं। माधौगंज में भाजपा प्रत्याशी लौंगश्री 29 वोटों से जीती हैं और अंतर के मामले में छठे स्थान पर हैं। भरावन में निर्दलीय प्रत्याशी विनोद तोमर विन्नू छह वोटों से जीतकर अंतर की दृष्टि से सातवें स्थान पर और बेंहदर की लक्ष्मी देवी आठवें स्थान पर हैं। सबसे करीबी मुकाबला सांडी में हुआ है। यहां कुल 83 वोट में से 82 वोट पड़े। भाजपा प्रत्याशी अनिल राजपूत को 41 और सपा प्रत्याशी शशि यादव को 39 वोट मिले। दो वोट अवैध हो गए। अंतर के लिहाज से यह सबसे छोटी जीत है।