हरदोई। हरियावां चीनी मिल के पास सधिनावा गांव की भूमि पर नवीन औद्योगिक आस्थान बनाए जाने का प्रस्ताव है। यह आस्थान जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर और बेहटा गोकुल रेलवे स्टेशन से 10 किलोमीटर की दूरी पर होगा।
यूपी सीडा के क्षेत्रीय अधिकारियों और अभियंताओं की टीम ने इस क्षेत्र को उपयुक्त पाया है। जिलाधिकारी की पहल पर इसके लिए काम हुआ है। अब यूपी सीडा के मुख्यालय से मंजूरी मिलने का इंतजार है।
बाराबंकी के लिए स्थानांतरित हुए डीएम अविनाश कुमार ने औद्योगिक विकास के लिए खाली जमीन तलाशने के लिए होमवर्क किया है। इसका असर आने वाले दिनों में दिखाई पड़ेगा।
संडीला औद्योगिक आस्थान लखनऊ के करीब है। इसका लाभ हरदोई जिला मुख्यालय को नहीं मिला। जिले के विकास के लिए जिला मुख्यालय और जिले की सभी तहसीलों में उद्योग को विकसित करने की जरूरत है।
इसी के तहत हरदोई सदर तहसील के सधिनावा में औद्योगिक आस्थान को प्रस्तावित किया गया। यूपी सीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार, उप प्रबंधक रामेंद्र कुशवाहा, वरिष्ठ प्रबंधक राजीव कुमार ने प्रस्ताव तैयार कर भौगोलिक स्थिति से अपने मुख्यालय को अवगत कराया है। बताया जा रहा है कि उद्यमियों से फीड बैक लेने के बाद इस पर यूपी सीडा के अधिकारियों की मुहर लगेगी।
औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख बातें
- हरियावां ब्लांक के सधिनावा गांव की 102 हेक्टेयर जमीन की गई प्रस्तावित।
- नाले का निर्माण कराने का साथ मार्ग भी बनाया जाएगा।
- जमीन का सर्किल रेट 16 लाख रुपये प्रति किलोमीटर हरियावां थाने से आठ किलोमीटर दूर होगा।
- सधिनावा में औद्योगिक आस्थान प्रस्तावित किया गया है। आसपास के गांवों में बरखेरा, सकूराबाद, कपूरपुर शहजादे, बिजगमन, खजुआ, लौधेरा को नवीन औद्योगिक आस्थान से फायदा मिलेगा।
कोट
अगर किसी को नवीन औद्योगिक आस्थान की प्रस्तावित भूमि देखनी है तो हरदोई से पिहानी मार्ग पर 16 किलोमीटर जाना पड़ेगा। इसके बाद चार किलोमीटर संपर्क मार्ग है, जो कई गांवों से होकर सधिनावा तक पहुंचता है। संपर्क मार्ग की जमीन अधिग्रहीत करके चौड़ा करने का प्रस्ताव है। जल निकासी के लिए आस्थान क्षेत्र से ढाई किलोमीटर दूर तक स्थित सई नदी तक एक नाला बनाए जाने का भी प्रस्ताव किया गया है। - संतोष कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपी सीडा