पिहानी/हरदोई। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की 25 छात्राओं की तबीयत फूड प्वाइजनिंग से रविवार शाम को बिगड़ गई। छात्राओं ने बताया कि दोपहर में विद्यालय में छोला-पूड़ी और चावल खाया था। इसके बाद से पेट में दर्द हुआ। कुछ छात्राओं को उल्टियां हुईं। इसके बाद शाम को जब हालत ज्यादा बिगड़ी तो उन लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
100 छात्राओं वाले कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 49 बालिकाएं वर्तमान में रहकर पढ़ाई कर रही हैं। इन सभी बालिकाओं ने दोपहर में छोला, पूड़ी, चावल, रायता भोजन में खाया था।
भोजन करने के बाद कुछ बालिकाओें को पेट दर्द की शिकायत हुई। जिस पर सीएचसी पर लगे स्वास्थ्य मेले में इनकी जांच कर उन्हें दवा दे दी गई।
इधर देर शाम छात्राओं को उल्टियां आने लगी। इस पर विद्यालय प्रबंधन रात नौ बजे 25 छात्राओं को लेकर सीएचसी पहुंचे। ड्यूटी पर मौजूद डॉ. आमिर व डॉ. जुबेर के अनुसार प्रथम दृष्टया फूड प्वाइजनिंग का मामला है। इलाज किया जा रहा है। बालिकाओं की हालत ठीक है।
यह छात्राएं हुईं बीमार
बीमार छात्राओं में पूनम, वैष्णवी, खुशबू, अंशिका, उमा, सुबी, स्वीटी, रेशमा, मोहिनी, रीना, प्रतिभा, मधु, शिवानी, आकांक्षा, वंदना, लकी, अंजलि, नीलम, जैनब, शीतल, वर्षा, कीर्ति, संगीता, संध्या हैं।
कोट--
बालिका शिक्षा के जिला समन्वयक अविनाश पांडेय को पिहानी भेजा गया है। ताकि जांच हो सके। छात्राओं को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। - वीपी सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी