हरदोई। अपनी जेबें भरने के लिए जनता की जेब मोदी सरकार काट रही है। महंगाई और मोदी सरकार के जुमलों से जनता परेशान है। इन कटाक्ष के साथ सोमवार को कांग्रेसियों ने घोड़ागाड़ी में बाइक लादकर जुलूस निकाला।
युवा कांग्रेस व भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन एनएसयूआई की ओर से पेट्रोल, डीजल, व खाद्य पदार्थों की महंगाई के विरोध में किए गए प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने कहा कि आम जनता पर महंगाई का बोझ इस कदर बढ़ गया है कि बैंक ऋण की किस्तें, बच्चों की स्कूल फीस तक नहीं दे पा रही है।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष निर्भान सिंह यादव व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अमरेंद्र शर्मा ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन की अगुवाई की। कहा कि पिछले सात सालों में मोदी सरकार में अर्थव्यवस्था चौपट हो गई है। देश मे गरीबी बढ़ी है। जीडीपी सात प्रतिशत नीचे चली गई। इस दौरान पदाधिकारियों ने घोड़ागाड़ी पर बाइक लाद व कार को धक्का लगाकर राजीव भवन से कलक्ट्रेट परिसर तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर शहर अध्यक्ष जमील अहमद अंसारी, नेतम भारतीय, साधू सिंह, डॉ. अजीमुश्शान, अनुपम दीक्षित आदि मौजूद रहे।
नहीं चाहिए जुमला सरकार..
जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष विनीत कुमार वर्मा की अगुवाई में पदाधिकारियों ने रिक्शे पर बाइक लादकर महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने बहुत हुई महंगाई की मार, नहीं चाहिए जुमला सरकार....के गगनभेदी नारे भी लगाए। पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों से जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रदेश महासचिव ओबीसी डॉ. राजीव लोध, भुट्टो मियां, राष्ट्रीय संयोजक अमलेंद्र त्रिपाठी, महिला अध्यक्ष सुनीता देवी आदि मौजूद रहे।