राजीव भवन में बैठक को संबोधित करते कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। राजीव भवन में मंगलवार को हुई बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष सिंह ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था ध्वस्त है और पुलिस जनता के चालान करने के गुडवर्क में व्यस्त है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि पंचायत चुनाव में टड़ियावां, हरियावां, शाहाबाद थाना हो या फिर संडीला सभी जगह दबंगों पर नियंत्रण करने में पुलिस नाकाम रही है। शाहाबाद के अतर्जी में तो अपर पुलिस अधीक्षक और उनकी टीम पर ही हमला हो गया। ऐसे में जब पुलिस ही अपनी कानून व्यवस्था में सुरक्षित नहीं है तो भला आम नागरिकों को कैसे सुरक्षित करेगी। टड़ियावां थाना क्षेत्र के बाबूपुर कचनारी में दबंगों के डर से एक सैकड़ा महिलाओं व पुरुष घर छोड़े घूम रहे हैं। जिले की पुलिस का जोर सिर्फ आम आदमी पर चल रहा है मास्क के नाम पर गली चौराहे पर, सब्जी, दवाई व अन्य आवश्यक वस्तुएं लेने जा रहे राहगीरों से उनकी गाढ़ी कमाई चालानों के नाम पर जमा कराई जा रही है। इसे गुडवर्क का नाम दिया जा रहा है, जो कि निंदनीय है। शहर अध्यक्ष जमील अहमद अंसारी ने कहा कि कोरोना महामारी में पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रही जनता को राहत देने के बजाए उनकी गाढ़ी कमाई को चालानों के नाम पर जमा कराना गलत है। बैठक में जिला उपाध्यक्ष साधू सिंह, जिला महासचिव सोनपाल वर्मा, जिला सचिव मंजू मित्रा, जिला सचिव उत्कर्ष दीक्षित, जिला सचिव सत्यपाल वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष श्रीप्रकाश मिश्रा, शहर कोषाध्यक्ष महताब अहमद, शहर उपाध्यक्ष रविंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।