हरदोई। शपथ ग्रहण के बाद जिला पंचायत की पहली बैठक सोमवार को जिला पंचायत सभागार में हुई। इसमें औपचारिक परिचय के बाद जिला पंचायत की छह समितियों के गठन पर चर्चा हुई। गठित की गई समितियों को लेकर कुछ सदस्यों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दो समितियों का गठन फिलहाल टाल दिया गया। सभी जिला पंचायत सदस्यों से उनके क्षेत्रों में विकास कार्य कराने के लिए प्रस्ताव भी मांगे गए हैं।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों का ईमानदारी से अनुपालन कराना ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों में जिला पंचायत सदस्यों के प्रस्तावों का ध्यान रखा जाएगा। सभी सदस्यों की सहमति से विकास कार्य होंगे।
बैठक में अपर मुख्य अधिकारी स्वाती जैन ने जिला पंचायत की छह समितियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी समितियों में छह जिला पंचायत सदस्य और एक सभापति होता है। समितियों के गठन पर माधौगंज क्षेत्र के दो जिला पंचायत सदस्यों ने आपत्ति जताई। इसके बाद दो समितियों का गठन स्थगित कर दिया गया और इस पर दोबारा चर्चा के बाद समितियां गठित की जाएंगी। बैठक में सदर सांसद जय प्रकाश, विधायक रजनी तिवारी, राज कुमार अग्रवाल राजिया और माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल के साथ ही सीडीओ आकांक्षा राना और एडीएम संजय कुमार सिंह मंच पर मौजूद रहे।
प्रवेश से पहले देहरी पर टेका माथा
गांधी भवन में शपथ ग्रहण समारोह के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती सीधे आंबेडकर पार्क पहुंचीं। पार्क में आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद जिला पंचायत परिसर में स्थापित पूर्व अध्यक्ष बाबू श्रीशचंद्र अग्रवाल और निरंजन सिंह देव की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। जिला पंचायत के अपने कार्यालय और सदन में प्रवेश करने से पहले प्रेमावती ने देहरी पर माथा टेका। इस पर यहां मौजूद भाजपा नेताओं ने गर्मजोशी से उनका ताली बजाकर अभिनंदन किया। यहां भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव रंजन मिश्रा आदि मौजूद रहे।