फोटो-23- सवायजपुर तहसील में प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समझाते तहसीलदार नारायण सिंह
- फोटो : HARDOI
सवायजपुर। गांव के बंद मुख्य रास्ते को खुलवाने की मांग पर मंगलवार को साढ़े पांच घंटे महिलाओं ने तहसील के बाहर कड़ी धूप में प्रदर्शन किया। हालांकि समस्या निस्तारण नहीं होने से उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।
पाली क्षेत्र के ग्राम गौरखेड़ा निवासी पूर्व प्रधान राजपाल सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को तहसील पहुंचीं गांव की सरोजिनी, मालती, कांति, सुनीता, मायावती आदि ने बताया कि कुछ लोगों ने कब्जा कर गांव के मुख्य मार्ग को बंद कर दिया था।
इसकी शिकायत पर तत्कालीन एसडीएम स्वाति शुक्ला ने मौके पर राजस्व टीम भेजकर दोनों पक्षों की सहमति से आने-जाने के लिए रास्ता खुलवा दिया था। अब यह रास्ता फिर से बंद कर दिया गया है। इस कारण लोगों को काफी लंबा चक्कर लगाकर गांव आना जाना पड़ता है।
महिलाओं ने तहसीलदार नारायण सिंह से मिलकर अपनी समस्या बताई। इस पर तहसीलदार ने लेखपाल को मौके पर भेजने का आश्वासन दिया, लेकिन दोपहर बाद तक कोई भी गांव नहीं पहुंचा।
इस दौरान भूखी, प्यासी महिलाएं कड़ी धूप में तहसील पर बैठी रहीं। दोपहर साढ़े तीन बजे के बाद वह मायूस होकर लौट गईं। एसडीएम राकेश सिंह ने बताया मामला संज्ञान में आया है, जांच कराके कार्रवाई की जाएगी।