हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की देर शाम बेटे के साथ बाइक से अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने से जा रही महिला चलती बाइक से सड़क पर गिर गई। सिर में चोट आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बेटे ने उसे पुलिस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया। जहां कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
शाहजहांपुर के रौजा थाने के ग्राम जमुही निवासी राजेश्वरी (40) बुधवार की शाम बाइक से अपने बेटे संजीव के साथ शाहाबाद क्षेत्र के पसिगवां गांव स्थित अपने मायके भतीजी की शादी में शामिल होने जा रही थी।
रास्ते में शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर हरियाली पेट्रोल पंप के सामने अचानक चलती बाइक से वह सड़क पर जा गिरी। जिससे सिर मेें चोट आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
बेटे ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस की मदद से उसे सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल सुरेश मिश्रा ने बताया कि बाइक से गिरकर महिला की मौत हुई है।