मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझिया जफरपुर में शनिवार देर रात महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की मां ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्राम मझिया जाफरपुर निवासी पूजा (24 ) की शनिवार की रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना की सूचना पर उन्नाव के थाना गंगाघाट के परम सुखखेड़ा मजरा पीपलखेड़ा निवासी मां मुन्नी देवी परिजनों के साथ बेटी की ससुराल पहुंचीं।
मृतका की मां ने बताया कि उसने तीन वर्ष पूर्व बेटी की शादी की थी। शादी में सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था। ससुराली बाइक व 50 हजार रुपये की मांग कर बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे।
आरोप है कि मांग पूरी न होने पर पति मुकेश, ससुर रामचंद्र, सास, जेठ संतोष व सुभाष ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वरिष्ठ उप निरीक्षक अबरार हुुसैन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।