फोटो-11- जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी कक्ष के बाहर मारपीट के बाद लगी लोगों की भीड़
- फोटो : HARDOI
हरदोई। पति की पिटाई से महिला की हालत बिगड़ गई। बुधवार सुबह ससुराली उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी आ गए।
उन्होंने पति पर आए दिन मारपीट करने का आरोप लगा हंगामा कर दिया। यह देख अस्पताल में मौजूद मरीजों के तीमारदारों ने दोनों पक्षों को समझा कर मामला शांत कराया।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरैली निवासी रंजना (22) की शादी एक वर्ष पूर्व शहर कोतवाली क्षेत्र के भदैंचा गांव निवासी उमेश के साथ हुई थी।
महिला के मायके वालों के मुताबिक मंगलवार की शाम रंजना का पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पति ने उसकी पिटाई कर दी। बुधवार सुबह उसकी हालत बिगड़ी, तो पति उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आया। सीएमएस डॉ.जेएन तिवारी ने बताया कि इस संबंध में जानकारी नहीं मिली है।
होता रहा हंगामा, बैठे रहे सुरक्षाकर्मी
जिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था की बात की जाए तो यहां पर सुरक्षा के लिए ओपीडी से लेकर इमरजेंसी तक पूर्व सैनिक तैनात हैं। इसके बाद भी अस्पताल में आए दिन विवाद और बाइक चोरी की घटनाएं हो रहीं हैं।
इमरजेंसी कक्ष के सामने हंगामा होता रहा, कक्ष के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी बैठकर देखते रहे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराना मुनासिब नहीं समझा।