हरदोई। बुधवार सुबह करीब चार बजे तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इस दौरान दो घंटे पूरे जिले की बिजली गुल रही। यह बारिश गन्ना, मक्का व सब्जियों के लिए अमृत के समान है। वहीं आंधी से आम की फसल को नुकसान हुआ।
आंधी पानी के चलते शहर सहित जिले के अधिकांश इलाकों में बिजली घंटों गुल रही। विभाग के अधिकारियों के अनुसार आंधी से ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर लाइनें क्षतिग्रस्त हुईं थी।
शहर में कुछ स्थानों पर तारों के टकराने के कारण लाइनें ट्रिप हुई। इस कार विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। शहर स्थित मौसम वेधशाला में 21.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
वहीं 55 किलोमीटर की रफ्तार से चली हवाओं का असर पूरे जिले में रहा, लेकिन बारिश को लेकर कई क्षेत्रों से बादल बिन बरसे ही हवाओं का साथ निकल गए।
कृषि वैज्ञानिक डॉ.पीपी पाल ने बताया कि बारिश का सांडी, हरपालपुर, बिलग्राम, मल्लावां, सवायजपुर सहित कई क्षेत्रों में ज्यादा असर नहीं रहा। शहर के आसपास के इलाकों में जमकर बदरा बरसे हैं।
शाहाबाद, हरियावां, बावन, टडियांवा, सुरसा, बघौली इत्यादि क्षेत्रों में कुछ इलाकों में जमकर बारिश होने की सूचना मिली है। यह बारिश लहसुन प्याज को छोड़कर ज्यादातर के लिए फायदेमंद है।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रिया वशिष्ठ ने बताया कि जिले के शाहाबाद एवं संडीला क्षेत्र में सबसे ज्यादा आम के बागान हैं। आंधी चलने से आम की फसल को नुकसान हुआ है।
आम में अभी जारी पड़ने की प्रक्रिया चल रही है। जून के प्रथम सप्ताह के बाद आम तैयार हो पाएगा। ऐसे में आंधियों से कच्चे आम के टूटने से किसानों में चिंता होना स्वाभाविक है।
बिजली विभाग के एसई सुरेश चंद्र ने बताया कि रात के समय करीब दो घंटे तक हवा और पानी के चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। कहीं से कोई बड़े नुकसान की सूचना अभी तक नहीं आई है।
फोटो -03- नघेटा रोड पर भरा पानी ।- फोटो : HARDOI