हरदोई। लखनऊ-हरदोई-शाहजहांपुर नेशनल हाईवे के निर्माण शुरू होने के लिए अभी और इंतजार करना होगा। कार्यदायी संस्था के पास प्लांट लगाने के लिए भूमि नहीं है। कंपनी को इसके लिए 100 बीघा जमीन की दरकार है। भूमि मिलने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
नेशनल हाईवे घोषित हो चुके इस राजमार्ग के फोरलेन निर्माण को लेकर पिछले कई सालों से कवायद चल रही है। भूमि अधिग्रहण कोरोना काल के दौरान ठंडे बस्ते में पड़ा रहा। अब इस परियोजना पर फिर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
इस मार्ग का निर्माण तीन चरणों में होना है। संडीला, शाहाबाद एवं सदर तहसील क्षेत्र में आने वाले गांवों की भूमि अवार्ड करने के लिए विभाग की कार्यवाही चल रही है।
संडीला एवं शाहाबाद क्षेत्र में भूमि अवार्ड का कार्य लगभग पूरा हो गया है। सदर क्षेत्र में अभी भूमि अवार्ड का कार्य चल रहा है। इसमें 68 गांवों की भूमि ली जानी थी। जिसमें 50 गांवों से भूमि अवार्ड हो चुकी है। 18 गांवों की भूमि अवार्ड का कार्य इस माह के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।
विभागीय लोगों के मुताबिक नेशनल हाईवे निर्माण के लिए अधिकृत कंस्ट्रक्शन कंपनी पिछले एक माह से अपना प्लांट लगाने के लिए करीब 100 बीघा भूमि की तलाश कर रही है। किराये पर भूूमि न मिल पाने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
भूमि अधिग्रहण का कार्य 75 फीसदी पूरा हो चुका है, शेष कार्य इस माह पूरा हो जाएगा। एनएचएआई से जानकारी मिली है कि निर्माण के लिए अधिकृत कंपनी को प्लांट के लिए भूमि न मिल पाने से काम में विलंब हुआ है, जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। - डा.सदानंद गुप्ता, भूमि अध्याप्ति अधिकारी