हरदोई। पंचायत सचिवालयों को क्रियाशील न करने, सचिवालय में अतिथियों को ठहराने और प्रधान की भाभी को केयरटेकर बनाकर बिना ड्यूटी वेतन निकालने के मामले पंचायत विभाग में सामने आए हैं।
इस पर डीपीआरओ ने एक सचिव को निलंबित कर दिया है। जबकि एक सचिव की वेतन वृद्धियां समाप्त करके उसे मूल वेतन पर वापस कर दिया है। इसके साथ ही प्रधान व सफाई कर्मचारी को नोटिस जारी किया है।
डीपीआरओ गिरीश कुमार ने बताया कि कोथावां ब्लॉक की ग्राम पंचायत करसुआ के सचिवालय में कंप्यूटर, फर्नीचर व अन्य उपकरण नहीं क्रय किए गए हैं।
ग्राम पंचायत सचिव कौशलेंद्र यादव को पंचायत सचिवालय शुरू न करने, रोजगार सेवक को हटाने, ग्राम पंचायतों के चार्ज न देने के मामले में निलंबित करने का आदेश जारी किया गया है।
इसी प्रकार ब्लॉक की झरिया ग्राम पंचायत में सार्वजनिक शौचालय बंद मिला। ग्रामीणों ने बताया इसका प्रयोग नहीं किया जाता। वहां लगा इंडिया मार्का नल भी खराब है। इस पर ग्राम पंचायत सचिव सत्येंद्र वीर सिंह को नोटिस जारी किया गया हैं।
भरावन ब्लॉक के बमनऊ पेंग ग्राम पंचायत में भी सचिवालय क्रियाशील नहीं है। इस पर ग्राम पंचायत में तैनात सचिव रामकिशन से उनकी तैनाती वाली अन्य ग्राम पंचायत दिखाने को कहा गया।
तीन ग्राम पंचायतों के निरीक्षण में एक भी ग्राम पंचायत में सचिवालय क्रियाशील नहीं मिला। ऐसे में सचिव की वेतन वृद्धि वापस लेते हुए उन्हें मूल वेतन पर भेजने का आदेश दिया गया है।
गांव में सार्वजनिक शौचालय के निरीक्षण में उसकी हालत भी खराब मिली। ग्रामीणों ने बताया ग्राम प्रधान राम सिंह यादव की भाभी माधुरी यादव केयर टेकर हैं, जो कभी नहीं आतीं।
गरीब, विधवा, बाल्मीकि समाज की महिला को प्राथमिकता देने की बजाए प्रधान की भाभी को केयर टेकर बनाए जाने के मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।