हरदोई। कोरोना कर्फ्यू के बढ़ने एवं ढील का नाजायज फायदा लोगों द्वारा उठाए जाने के बाद पुलिस भी रविवार को सख्त दिखाई दी। दोपहिया व चौपहिया वाहन ही नहीं बल्कि बड़े वाहनों को भी सटीक जवाब देने के बाद जाने का मौका मिला। कुल मिलाकर अधिकारियों के निर्देश पर शहर के चौराहे छावनी बने नजर आए...
बस कहां ले जा रहे हो, पहले साहब को बताओ
लखनऊ रोड पर सुबह से ही पुलिस सजग रही। दोपहिया व चौपहिया वाहनों में अधिकांश ने बाहर निकलने का कारण दवा लेना ही बताया। दवा का पर्चा भी न दे पाने वालों के जहां मौके पर ही चालान काटे गए वहीं बड़े वाहनों को भी बिना रोक टोक नहीं गुजरने दिया गया। चालकों द्वारा आला अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखने के बाद ही जाने को मिला।
पकड़ों उन्हें, कैसे जा रहे यह लोग
सिनेमा चौराहे पर सीओ सिटी विकास जायसवाल ने भी मय फोर्स के साथ कई बार निरीक्षण किया। चौराहे पर पहुंचते ही सख्ती और कर दी गई। हर आने जाने वाले दोपहिया व चौपहिया वाहनों को रोका जाने लगा। सीओ सिटी ने भी कई बार पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि पकड़ों उन्हें, कैसे जा रहे यह लोग।