हरदोई। हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम पोठवा में गुरुवार शाम से लापता युवक का शव संदिग्ध हालात में एक बाग में फांसी पर लटकता मिला। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे मामले को लेकर मृतक के परिजनों ने गांव निवासी कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्राम पोठवा निवासी रामचरित पांडेय (18) गांव में रहकर खेती करता था। परिजनों के मुताबिक गुरुवार शाम से वह लापता था और उसका शव शुक्रवार दोपहर गांव के एक बाग में फांसी पर लटकता मिला।
घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक रामचरित पांडेय का प्रेम प्रसंग गांव निवासी एक युवती के साथ चल रहा था। इसकी जानकारी युवती के परिजनों को भी थी।
परिजनों ने गुरुवार को ही युवती की शादी एक जगह तय कर दी थी। इससे आहत रामचरित पांडेय ने युवती की अपने साथ की एक फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी थी। इसकी शिकायत युवती के परिजनों ने यूपी 112 पर की थी।
जिसके बाद मृतक और उसके भाई को पुलिस थाने ले गई थी। दावा है कि दोनों को शुक्रवार तड़के छोड़ दिया गया था, लेकिन इसके बाद रामचरित का कोई पता नहीं चला।
मृतक के भाई सुशील ने युवती के परिजनों और एक पुलिस कर्मी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि युवक के खुदकुशी करने की जानकारी पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इसके अलावा प्रकरण के बारे में जानकारी होने से उन्होंने इन्कार किया।
सवालों के घेरे में एक सिपाही
मृतक के परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक थाने में तैनात एक सिपाही लगातार युवती के परिजनों की ओर से पक्ष ले रहा था। थाने में जब युवक और उसके भाई को ले जाया गया था तो भी उससे रुपयों की मांग की गई थी और झूठे मामलों में फंसा कर जेल भेज देने की धमकी भी दी गई थी। मृतक के भाई ने तो अपने साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने तक का आरोप लगाया।