हरदोई। आखिर वही हुआ जिसका अंदेशा था। कोविड-19 के एल-2 अस्पताल में बिखरी गंदगी का ठीकरा दो सफाई कर्मियों पर फोड़ दिया गया।
सेवा प्रदाता कंपनी के जरिये रखे गए इन दो सफाई कर्मियों को तत्काल प्रभाव से सीएमओ ने बर्खास्त कर दिया है। इन दोनों पर एल-2 अस्पताल में ड्यूटी न करने का आरोप है।
बीते दिनों कोविड-19 के एल-2 अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में अन्य अव्यवस्थाओं के अलावा वार्ड और वार्ड के बाहर बेहिसाब गंदगी भी नजर आ रही थी।
इसके बाद से ही सफाई कर्मियों के विरुद्ध कार्यवाही की आशंका जताई जा रही थी। सीएमओ डॉ.सूर्यमणि त्रिपाठी ने बताया कि एल-2 अस्पताल में सेवा प्रदाता कंपनी के जरिये रखे गए सफाई कर्मियों देवेंद्र कुमार और अखिलेश राठौर की ड्यूटी 19 अप्रैल से 2 मई तक के लिए लगाई गई थी। दोनों सफाई कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे, इस कारण अव्यवस्थाएं हुईं। इसलिए उन्हें बर्खास्त कर दिया गया है।