हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में खदरा रेलवे फाटक के पास बुधवार रात सीतापुर के एक डॉक्टर का शव रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला। वह एक युवती से मिलने मुंबई से लखनऊ आया था। परिजन घटना का कारण नहीं बता सके। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
सीतापुर के महमूदाबाद थाने के सहदेवा गांव निवासी श्यामू (28) मुंबई के किसी अस्पताल में डॉक्टर था। बुधवार देर रात श्यामू का शव देहात कोतवाली क्षेत्र में खदरा फाटक के पास रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला।
उधर से गुजर रहे राहगीरों ने शव पड़ा देखकर सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुुंचकर शव को कब्जे लिया। तलाशी के दौरान जेब में मिले मोबाइल व कागजातों के जरिये उसकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
मृतक के पिता राजेश सूचना पर परिजनों के साथ मौके पर आ गए। पिता ने बताया कि लखीमपुर की रहने वाली एक युवती से श्यामू की शादी की बात चल रही थी। युवती किसी युवक से फोन पर बात करती है।
इसका शक होने पर बुधवार की शाम उसने मुंबई से आकर युवती को लखनऊ मिलने के लिए बुलाया था। युवती से मिलने के बाद वह ट्रेन से घर आ रहा था।
बेटे ने आत्महत्या क्यों की, इस बारे में वह कोई जानकारी नहीं दे सके। मृतक दो भाइयों में छोटा था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल गंगेश शुक्ला ने बताया कि परिजनों ने आरोप से इंकार किया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।