हरपालपुर। जसमई गांव में निर्माणाधीन श्रीमऊ-कुसुमखोर टू लेन सड़क के लिए ठेकेदार एक महिला का मकान गिरवाने लगा। आंखों के सामने अपना घर टूटता देख बेघर होने के सदमे में महिला ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।
जसमई गांव निवासी चंद्रपाल मजदूरी करता है। शनिवार की शाम उसकी पत्नी चांदनी (32) ने कमरे में साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगाकर जान दे दी।
मृतका के पति ने बताया कि श्रीमऊ-कुसुमखोर निर्माणाधीन टू लेन सड़क के किनारे उसका मकान है। निर्माणाधीन टू लेन सड़क की जद में उसका मकान आ गया था।
इसलिए ठेकेदार ने उसे मकान तोड़ने के लिए कहा, उसने नहीं तोड़ा तो शुक्रवार को ठेकेदार ने मकान तोड़ना चालू कर दिया। अपनी आंखों के सामने मकान टूटता देख पत्नी चांदनी सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी।
उसने परेशान होकर खुदकुशी कर ली। एसओ अरवल छोटे लाल ने बताया कि मकान टूटते देख सदमे में महिला के आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।