बेहटा गोकुल। थाना क्षेत्र के पठकापुर गांव के युवक को शनिवार की देर शाम सीआईडी इंस्पेक्टर बताकर कार सवार बैठा ले गए। युवक केे शोर मचाने पर ग्रामीणों ने उसे कार से उतरवाया। भीड़ जमा होती देख कार सवार फरार हो गए।
ग्राम पठकापुरवा निवासी डेविड ने बताया कि वह शनिवार की शाम लगभग छह बजे वह सहिजना गांव की तरफ पैदल जा रहा था। इस दौरान पीछे से आए कार सवारों ने उसे रोक लिया।
इसके बाद खुद को सीआईडी इंस्पेक्टर बताकर उसे कार में बैठाकर ले जाने का प्रयास करने लगे। उसके शोर मचाने पर ग्रामीणों ने कार को पुल पर रोक लिया। मौके पर काफी भीड़ लग गई।
यह देख कार सवार भाग निकले। युवक ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति से उसका विवाद चल रहा है। करीब तीन माह पूर्व विपक्षी ने एक युवक को बुलाया था।
कार से आए युवक ने खुद को सीआईडी इंस्पेक्टर बताकर उससे 10 हजार रुपये दिलाकर समझौता कराने की बात कही लेकिन समझौता नहीं हो सका था।
विपक्षी के बुलाने पर खुद को सीआईडी इंस्पेक्टर बताने वाले युवक ने घटना को अंजाम दिया है। थाने से पांच किलोमीटर दूरी पर हुई वारदात से पुलिस अंजान बनी रही। एसओ ओपी तिवारी ने बताया कि घटना के संबंध में सूचना नहीं मिली है।