हरदोई। कोरोना कर्फ्यू के दौरान पुलिस की सख्ती रविवार को बढ़ी हुई दिखाई दी। सड़कों पर ई-रिक्शों पर भी नकेल कसी गई जिसके चलते दोपहर बाद से शहर में ई-रिक्शों का टोटा हो गया और सवारियां भटकती नजर आईं।
कोरोना कर्फ्यू के इस बार 17 मई की सुबह खुलने के आसार थे लेकिन शनिवार देर शाम इसके आगे बढ़ने की घोषणा के बाद लोग अपने आवश्यक कार्यों को लेकर पैदल या अपने वाहनों से रविवार को शहर की सड़कों पर निकले।
चौराहों पर तैनात पुलिस फोर्स व उनके लहराते डंडे देख फिर से घरों की ओर वापस हो गए। पुलिस इस दिन सख्त नजर आई। आते जाते वाहनों के आगे डंडे फटकारे गए तो उन्हें अंतिम चेतावनी भी दी गई।
शहर में ई-रिक्शों के संचालन रोके जाने के लिए पुलिस ने सवारी ढो रहे ई-रिक्शों को पुलिस लाइन में भेज दिया गया। इधर, ई-रिक्शा पुलिस लाइन में खड़े होने की सूचना फैलते ही कुछ ही देर में शहर के प्रमुख मार्गों से ई-रिक्शा गायब हो गए और लोग वाहनों की तलाश में पैदल ही शहर के मार्गों पर भटकते नजर आए।