हरदोई। जनपद में गुरुवार से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हो गई है। पहले दिन एजेंसी के प्रभारी व अधिकारी केंद्रों को क्रियाशील कराने में व्यस्त रहे।
दोपहर में डिप्टी रजिस्ट्रार सहकारिता व एडीएम संजय कुमार सिंह ने अलग-अलग केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था देखी।
डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडेय ने बताया कि पहले दिन ही सभी 106 क्रय केंद्र क्रियाशील करा दिए गए हैं। केंद्रों पर किसान आने पर उनसे उपज की खरीद की जाएगी।
रबी विपणन वर्ष 2021-22 के तहत जनपद में गुरुवार से गेहूं की खरीद शुरू हो गई है। इस बार गेहूं खरीद के लिए कोई लक्ष्य जारी नहीं किया गया है।
डीएम अविनाश कुमार के अनुमोदन के बाद जनपद में विपणन विभाग, पीसीएफ व पीसीयू समेत सात एजेंसियों के कुुल 114 क्रय केंद्र स्वीकृत किए गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक गुरुवार को पहले दिन दोपहर तक इनमें से पूर्व में स्वीकृत हुए 106 क्रय केंद्र क्रियाशील करा दिए गए हैं।
जबकि बुधवार को स्वीकृत हुए 8 नए क्रय केंद्र भी जल्द सक्रिय हो जाएंगे। इधर पहले दिन सहकारिता विभाग के डिप्टी रजिस्ट्रार विनोद पटेल ने पीसीएफ के जिला प्रबंधक पंकज रावत के साथ साधन सहकारी समिति अहिरी, संडीला व हरदोई के क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया।
केंद्रों पर वारदाना व उपकरणों की उपलब्धता जांची। वहीं एडीएम संजय कुमार सिंह ने डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडेय व मंडी सचिव बबलू लाल के साथ हरदोई मंडी में खोले गए क्रय केंद्रों पर पहुंच कर व्यवस्था जांची।
एडीएम ने कहा कि केंद्र पर आने वाले किसानों से अधिक से अधिक उपज की खरीद की जाए। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि पहले दिन हुई खरीद के आंकड़े जुटने के बाद ही खरीद को लेकर स्थिति साफ होगी।
उपकरण तो पहुंचे, लेकिन कर्मचारी रहे नदारद
शाहाबाद। गुरुवार से जनपद में गेहूं की खरीद शुरू हो गई है। मंडी में गेहूं की खरीद करने के लिए 4 क्रय केंद्र खोले गए हैं। इनमें विपणन विभाग के 2, पीसीएफ का 1 व डीसीएफ का 1 क्रय केंद्र शामिल है।
गुरुवार को इन केंद्रों पर बैनर लगे मिले व केंद्रों पर तौल से संबंधित उपकरण भी मौजूद मिले, लेकिन गुरुवार को बंदी का दिन होने के कारण मंडी में सन्नाटा पसरा नजर आया। केंद्र प्रभारी व कर्मचारी भी केंद्रों से नदारद दिखे।
फोटो-20- हरदोई मंडी स्थित क्रय केंद्र का निरीक्षण करते एडीएम संजय कुमार, मौजूद डिप्टी आरएमओ अनुराग - फोटो : HARDOI