बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में चौथी लेने आए मायके पक्ष के लोगों से ससुरालियों का विवाद हो गया। मायके पक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस नवविवाहिता के पति और ससुर को हिरासत में लेकर थाने आ गई। इस पर पति-ससुर को छुड़वाने वह थाने पहुंच गई। जहां पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के अहमदापुर गांव निवासी रजनीश की शादी नौ मई को कछौना के छनोइया गांव निवासी सोनम के साथ हुई थी। बुधवार की शाम उसकी मां राजेश्वरी, भाई रूपेश व अन्य परिजन चौथी विदा कराने आए थे।
जहां पर दहेज का सामान न देने की बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर सोनम के पति व ससुर ने विदा करने से इंकार कर मारपीट कर उन्हें भगा दिया।
इसके बाद मायके पक्ष के लोग अपने घर चले गए। बृहस्पतिवार की दोपहर मायके पक्ष ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। शिकायत मिलने पर पुलिस सोनम के पति व ससुर को हिरासत में लेकर थाने आ गई।
पति व ससुर का पक्ष रखने के लिए शाम को नवविवाहिता थाने पहुंच गई। उसने पुलिस से पति व ससुर को छोड़ने की बात कही। कोतवाल राजवीर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।